बेरमो (सुभाष चंद्र ठाकुर). बेरमो विधानसभा क्षेत्र में चुनाव इस बार भी दिलचस्प होगा। यहां एक बार फिर दो दिग्गज नेता मैदान-ए-जंग में उतारे गए हैं। कांग्रेस व झामुमो गठबंधन ने पूर्व मंत्री सह इंटक के राष्ट्रीय महामंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह पर विश्वास जताया है। वे बेरमो विधानसभा में पांच बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके लगातार चौथी बार विधानसभा चुनाव के विजय रथ को योगेश्वर महतो बाटुल ने 2005 में पहली बार रोका था। इसके बाद 2009 के चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र प्रसाद सिंह ने याेगेश्वर महतो को पराजित किया।
2009 में राज्य में यूपीए का शासन आ गया, इसमें सिंह मंत्री भी बन गए। लेकिन 2014 के चुनाव में बाटुल ने सिंह को पटकनी दी। अब वर्ष 2019 में दोनों के शीर्ष नेतृत्व ने इन पर ही विश्वास किया है। अब देखना यह है कि इस बार जनता किसके सिर पर सेहरा बांधती है। संयुक्त बिहार के समय से राजेंद्र प्रसाद सिंह इस सीट से आठवीं बार चुनाव मैदान में उतरे हैं। इससे पहले वे पांच बार चुनाव जीत चुके हैं तथा दो बार बाटुल से पराजित हुए हैं। वहीं बाटुल चौथी बार चुनावी मैदान में हैं। दो चुनावों में राजेंद्र सिंह को पराजित किया और एक चुनाव में उनसे पराजित हुए हैं।
जानिए, तीन विधानसभा चुनावों में बेरमो का हाल
2005 में मतदान 55.15%
- 47.56 हजार वोट (41.85%) मिले थे भाजपा के योगेश्वर महतो बाटुल को
- 38.10 हजार वाेट (35.53%) मिले थे कांग्रेस के राजेंद्र प्रसाद सिंह काे
- 29.11 हजार वाेट (25.62%) मिले थे भाकपा के आफताब आलम खान को
2009 में मतदान 59.74%
- 47.74 हजार वोट (34.03%) मिले थे कांग्रेस के राजेंद्र प्रसाद सिंह को
- 41.13 हजार वाेट (29.32%) मिले थे भाजपा के याेगेश्वर महताे बाटुल काे
- 22.54 हजार वाेट (14.65%) मिले थे भाकपा के आफताब आलम खान को
2014 में मतदान 65.40%
- 80.44 हजार वोट (42.99%) मिले थे भाजपा के याेगेश्वर महताे बाटुल काे
- 67.82 हजार वाेट (36.22%) मिले थे कांग्रेस के राजेंद्र प्रसाद सिंह को
- 13.87 हजार वाेट (7.41%) मिले थे झाविमाे के काशीनाथ सिंह को
20 हजार युवा मतदाता बढ़े, महिलाएं अधिक
बेरमो विधानसभा क्षेत्र में कुल 3 लाख 6 हजार 342 मतदाता हैं। इनमें 1 लाख 62 हजार 599 पुरुष व 1 लाख 43 हजार 743 महिला मतदाता हैं। जबकि वर्ष 2014 के चुनाव में 2 लाख 86 हजार 264 मतदाता थे। इस बार मतदाता पुनरीक्षण अभियान में 20 हजार 78 युवा मतदाताओं के नाम जोड़े गए। इनमें पुरुष मतदाता 9437 और महिला मतदाता 10 हजार 643 हैं।